कांग्रेस नेता अशोक अरोड़ा ने साधा सत्ताधारी सरकार पर निशाना, सरकार बनी तो भ्रष्टाचारी होंगे अंदर

Sports News Without Access, Favor, Or Discretion!

  1. Home
  2. Haryana

कांग्रेस नेता अशोक अरोड़ा ने साधा सत्ताधारी सरकार पर निशाना, सरकार बनी तो भ्रष्टाचारी होंगे अंदर

ashok arora


Ashok Arora Kurukshetra Congress : पूर्व मंत्री अशोक अरोड़ा ने मांग की है कि ब्रह्मसरोवर के मेंटेनेंस के नाम पर करोड़ों रुपए का घपला करने वाले कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के अधिकारियों व अन्य लोगों के विरुद्ध उच्च स्तरीय जांच करवाकर उन्हें सजा दी जाए और उनसे इस पैसे की रिकवरी की जाए।

ब्रह्मसरोवर के किनारे स्थित एक निजी होटल में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए अशोक अरोड़ा ने कहा कि यह लोग धर्म के नाम पर पैसा हड़प गए हैं, इन्हें आत्म गिलानी भी नहीं आती जबकि यह अपने आप को हिंदू धर्म का ठेकेदार बताते हैं। उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्ट तथा दस्तावेजों के आधार पर पता लगा कि पिछले 5 वर्ष में ब्रह्मसरोवर की मेंटेनेंस के नाम पर लगभग 35 करोड रुपए खर्च किए गए जबकि सरोवर के चारों ओर पत्थर टूटे पड़े हैं।

ashok arora

इससे प्रतिदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, शौचालयों की स्थिति बद से बदतर है। लाइट व्यवस्था ठप्प है, सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े हैं और सरोवर में गंदगी की भरमार है। यह पैसा कहां गया, किसने हड़प लिया, इसकी जांच करवाई जानी जरूरी है। एक प्रश्न के उत्तर में पूर्व मंत्री ने कहा कि वह भाजपा सरकार से ही इस घटना की उच्च स्तरीय जांच करवाने के लिए दबाव डालेंगे। यदि सरकार ने उच्च स्तरीय जांच ना करवाई तो शीघ्र ही कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं महामहिम राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से एक शिष्टमंडल मिलेगा और भ्रष्टाचार में संलिप्त लोगों के विरूद्ध जांच करवाने की मांग करेगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर ऐसे लोगों, जोकि आस्था के नाम पर करोड़ों रूपए हड़प गए, उनको जेल की सलाखों के पीछे डाला जाएगा। इस मौके पर उनके साथ सुभाष पाली, पूर्व पार्षद मनु जैन, टेकचंद बारना, ओमप्रकाश पलवल, पूर्व जिप सदस्य चंद्रभान बाल्मिकी, हिमांशु अरोड़ा, प्रवीन कश्यप, गोपाल गौड़, सुनील सैनी, कुलदीप सहित अन्य जन उपस्थित रहे।

ashok

साजिस करके श्री कृष्ण संग्रहालय की स्थिति करी बदत्तर
अरोड़ा ने कहा कि कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर का श्री कृष्णा संग्रहालय बनाया गया है। एक साजिश के तहत इस संग्रहालय की स्थिति बद से बदत्तर कर दी गई है। आज कोई इस संग्रहालय को देखने जाता है तो उसे निराशा ही हाथ लगती है। इस साजिश का भी पर्दाफास किया जाना जरूरी है।

ashok arora

अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती के अवसर पर इस बार पुरुषोत्तमपुरा बाग में सांस्कृतिक कार्यक्रम और संत सम्मेलन के लिए पंडाल लगाए जाने का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि इससे पहले तो मेला क्षेत्र में लगभग 3 करोड रुपए की लागत से टेंट लगाया जाता था। इस बार यह टेंट न लगाकर सराहनीय कार्य किया गया है।

ब्रह्मसरोवर की पवित्रता की जाए बहाल
पूर्व मंत्री ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव मनाते समय ब्रह्मसरोवर की पवित्रता का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। ब्रह्मसरोवर पर सरकारी प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, क्राफ्ट मेला इत्यादि लगाना तो उचित है लेकिन खान-पान के पंडाल और अन्य व्यावसायिक दुकान ब्रह्मसरोवर से बाहर लगानी चाहिए ताकि ब्रह्मसरोवर की पवित्रता को बहाल रखा जा सके।

ashok

अक्सर देखा गया है कि लोग खान-पान के बाद झूठे पत्ते तथा प्लेट आदि ब्रह्मसरोवर के घाटों और तीर्थ के बीच में ही डाल देते हैं जिससे तीर्थ की पवित्रता भंग होती है।

श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा तथा धार्मिक आस्था के लोगों को बनाया जाता था केडीबी सदस्य
पूर्व मंत्री अरोड़ा ने कहा कि पहले नगर की सबसे प्राचीन धार्मिक संस्था श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा के प्रतिनिधियों तथा उच्च कोटि के संतो एवं धर्म में आस्था रखने वाले लोगों को कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड का सदस्य मनोनीत किया जाता था लेकिन जब से भाजपा की सरकार आई है |

ashok arora

राजनीतिक लोगों को इस बोर्ड में सदस्य बनाए जाने लगा और मानद सचिव के पद पर राजनीतिक लोगों को मनोनीत किया जाता है। इससे बोर्ड में भ्रष्टाचार फैल रहा है। उन्होंने मांग की कि कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड में श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा के प्रतिनिधियों तथा धर्म में आस्था रखने वाले लोगों को ही सदस्य बनाया जाए।

पत्रकारों के साथ आरती स्थल तथा ब्रह्मसरोवर की परिक्रमा का किया निरीक्षण

ashok arora
अशोक अरोड़ा ने पत्रकारों के साथ ब्रह्मसरोवर की परिक्रमा का दौरा किया और टूटे हुए पत्थर दिखाए। इसी के साथ-साथ ब्रह्मसरोवर में फैली गंदगी दिखाई और आरती स्थल पर जाकर पत्रकारों को बताया कि आरती स्थल पर लगभग डेढ करोड रुपए खर्च किया गया है जबकि किसी हालत में यहां पर 25 लाख रुपए से ऊपर खर्च नहीं आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि धर्म में आस्था के नाम पर भारी भ्रष्टाचार किया गया है। ऐसे लोगों को किसी भी कीमत पर बक्शा नहीं जाएगा।

सुरक्षा का बुरा हाल
अशोक अरोड़ा ने कहा कि ब्रह्मसरोवर पर सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। प्रतिदिन बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं का सामान चोरी हो जाता है। ब्रह्मसरोवर की परिक्रमा में लगी ग्रिल चोरी हो जाती हैं। निकट में ही पुलिस थाना और पर्यटक पुलिस होने के बावजूद यहां पर सुरक्षा का कोई प्रबंध नहीं है। बाहर से आने वाले श्रद्धालु जब चोरी का घटनाओं का शिकार होते हैं तो वह प्रशासन को भला बुरा कहते हुए लौटते हैं। उन्होंने मांग की कि ब्रह्मसरोवर पर सीसीटीवी कैमरे चालू किए जाएं और सुरक्षा व्यवस्था का प्रबंध पुख्ता किया जाए।

AROUND THE WEB

Bollywood

Featured